महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में एक हफ्ते से बारिश, आई बाढ़ और बिजली गिरने से 8 लोगों की मौत

देश के दक्षिणी राज्यों को कवर करने के बाद महाराष्ट्र में शुक्रवार (7 जून) को मानसून की एंट्री हुई। इसके 9 से 10 जून के बीच मुंबई पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने शनिवार (8 जून) को महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक और केरल के तटीय इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। गोवा में अगले चार दिन तक मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है। केरल के कालीकट एयरपोर्ट पर खराब मौसम के कारण शनिवार सुबह दुबई से आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को कोच्चि डायवर्ट कर दिया गया। एयरलाइन सूत्रों ने बताया कि 173 यात्रियों के साथ एआई एक्सप्रेस की फ्लाइट सुबह 2.47 बजे कोच्चि एयरपोर्ट पर उतरी। करीब सात घंटे बाद सुबह करीब 9:30 बजे फ्लाइट कोच्चि से कालीकट रवाना हुई। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में पिछले एक हफ्ते से बारिश के कारण आई बाढ़ और बिजली गिरने से 8 लोगों की मौत हो गई है। इनमें से 6 की मौत बिजली गिरने से हुई है। मराठवाड़ा में 113 जानवरों की मौत की भी सूचना है। लातूर में एक महिला बाढ़ में बह गई। गुजरात में मानसून आने से पहले बारिश का दौर शुरू हो गया है। सूरत के कई इलाकों में शुक्रवार (7 जून) की रात से बारिश हो रही है। इससे गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने आज 6 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी दिया है। अगले पांच दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा।

error: Content is protected !!